Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

ग्वालियर, 17 जनवरी (हि.स.)। ठंड अब प्रचंड रूप दिखा रही है। ग्वालियर लगातार दूसरे दिन ठंडे दिन का शिकार रहा। यहां दिन-रात का पारा औसत से नीचे चल रहा है। निरंतर चल रही उत्तरी हवा उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों की बर्फीली ठंड ग्वालियर तक पहुंचा रही है। मौसम के जानकारों का कहना है कि फिलहाल तीव्र ठंड का प्रकोप इसी प्रकार जारी रहेगा।
बुधवार को ग्वालियर में कोहरा तो आंशिक था लेकिन मध्यम बादल छाए हुए थे। इस कारण सूरज के दर्शन देरी से हुए। हालांकि दोपहर में बादलों का घनत्व कम हुआ तो धूप निकल आई लेकिन धूप में तल्खी नहीं थी क्योंकि उत्तरी सर्द हवा निरंतर चलती रही। सूर्यास्त के बाद सर्द हवा और अधिक तीव्र हो जाने से ठंड और अधिक प्रचंड हो गई।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.7 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। इस प्रकार लगातार दूसरा दिन शीतल दिन के रूप में दर्ज हो गया।
यहां बता दें कि बीते मंगलवार को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस पर ही थम गया था जो औसत से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम होने से मंगलवार तीव्र शीत दिन के रूप में दर्ज हुआ था। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि बीते मंगलवार को हिमालय में पहुंचा पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने के साथ पूर्वोत्तर की ओर आगे बढ़ गया है इसलिए मौसम साफ हो गया है जबकि हवा का रुख निरंतर उत्तरी व उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। मौसम शुष्क होने और लगातार ठंडी हवा आने से ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। चूंकि अभी मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। ऐसे में फिलहाल शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का प्रकोप और ज्यादा बढऩे की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश