[ad_1]

जींद, 23 मार्च (हि.स.)। गांव गांगोली से भागखेड़ा रोड पर कार सवार एक युवक को सीआईए स्टाफ ने पकड़ा है। पुलिस ने उसके पास से चार किलो 150 ग्राम चरस बरामद की है। चरस को हिमाचल प्रदेश से कार में तस्करी कर लाया जा रहा था। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने पकड़े गए कार सवार के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि गांव भागखेड़ा निवासी हरिकेश नशीले पदार्थों की तस्करी करता है और वह गांव तथा आसपास गांव में नशा बेचता है। वह हिमाचल से कार में नशीले पदार्थों की तस्करी कर गांव की तरफ आने वाला है। सीआईए स्टाफ ने गांगोली-भागखेड़ा रोड पर निर्माणाधीन जम्मू-कटरा हाइवे के पास नाकाबंदी कर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ समय बाद गांव गांगोली की तरफ से कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने कार को रुकवा कर उसकी तलाशी ली तो चालक सीट के नीचे पॉलिथीन में पदार्थ मिला। जो जांच में चरस पाई गई। जिसका वजन चार किलो 150 ग्राम पाया गया।
पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी अनिल ने बताया की आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित से नशे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/सुमन/वीरेन्द्र