[ad_1]

-ईंट भट्टे में फांसी के फंदे पर मिले थे दो किशोरियों के शव
हमीरपुर, 06 मार्च (हि.स.)। घाटमपुर के ईंट भट्ठे में पिछले हफ्ते गैंगरेप के बाद दुष्कर्म का वीडियो बनाने के मामले में आत्महत्या करने वाली दो किशोरियों के पिता ने बुधवार को आरोपी पक्ष से मिल रही धमकियों के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं मृतक के बेटे ने राजीनामा करने का दवाब बनाकर धमकी देने पर पिता द्वारा फांसी लगाकर जान देने की बात कही है।
थाना घाटमपुर के बरौली गांव के ईंट-भट्ठा में परिवार के साथ मजदूरी करने गईं थाना सिसोलर के एक गांव निवासी दो पारिवारिक किशोरियों के साथ गांव निवासी भट्ठा में लेबर के ठेकेदार रामस्वरूप के पुत्र रज्जू भांजे संजू ने दोनों किशोरियों को शराब पिलाने के बाद उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और दुष्कर्म की वीडियो और फोटो भी खींच ली थी। जिसके बाद उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था, जिसके चलते दोनों किशोरियों ने आहत होकर 29 फरवरी को ईंट भट्ठे के निकट बेर के पेड़ पर एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
जिसको लेकर ईंट भट्ठा संचालकों द्वारा पीड़ित परिवार को मामला रफा दफा करने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन उसी दौरान कांग्रेस महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष करिश्मा ठाकुर ने पार्टी नेताओं का एक प्रतिनिधि मंडल घटना स्थल पर भेज पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की। साथ ही अपने ट्विटर अकाउंट से मामले को ट्वीट कर दिया, जिस पर पुलिस ने आनन-फानन में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों रामस्वरूप, रज्जू और संजू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
रज्जू और संजू के मोबाइल में किशोरियों की आपत्तिजनक फोटो को पुलिस ने डिलीट कर दिया और फारेंसिक जांच के लिए भेज दिया। साथ ही डाक्टरों के पैनल द्वारा वीडियो ग्राफी के साथ दोनों किशोरियों का पोस्टमार्टम कराया गया था और घटना के तीसरे दिन यानी दो मार्च को दोनों किशोरियों का शव घाटमपुर पुलिस की देखरेख में उनके गांव हमीरपुर जनपद के खैर का डेरा लाए गए थे। जहां पर सिसोलर पुलिस और घाटमपुर पुलिस की मौजूदगी में दोनों किशोरियों का अंतिम संस्कार किया गया था।
इस मामले में वासुदेव ने कहा कि उनके पापा राकेश निषाद ने बताया था कि मोबाइल में फोन पर घटना के बाद से ही ईंट भट्ठा संचालकों द्वारा लगातार समझौता करने का दबाव बना धमकी दी जा रही थीं। बीते एक दिन पूर्व घाटमपुर से एक महिला ने पीड़ित परिवार से मिल धमकी दी थी। जिसके बाद पिता राकेश (45) पुत्र शिवनाथी ने गांव से करीब डेढ़ किमी दूर नाले के पास बबूल के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। क्षेत्राधिकारी श्रेयस त्रिपाठी ने भी घटना स्थल पहुंच मामले की जांच की। इस संबंध में थाना प्रभारी सिसोलर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल अभी तक किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश