[ad_1]

मांगें पूरी न होने तक कार्यालय के दूसरे गेट पर सुबह 10 से 4 बजे तक जारी रहेगा धरना, 15 से 20 दिन की प्रशासन को चेतावनी दी
फतेहाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के जाखल क्षेत्र में पिछले वर्ष आई बाढ़ से खराब हुई फसल के मुआवजे की मांग को लेकर बीते करीब डेढ़ माह से पगड़ी संभाल जट्टा, किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में उप तहसील कार्यालय को तालाबंदी कर रखी थी। लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों व प्रशासन के बीच मंगलवार को दोबारा बातचीत हुई। तहसील कार्यालय के दो गेट पर की गई तालाबंदी में से एक गेट को ताला खोलने पर सहमति बन गई। किसानों ने अपनी मांगें पूरी न होने तक तहसील कार्यालय के एक गेट पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया।
बता दें कि धरनारत किसानों द्वारा शनिवार को महापंचायत बुलाई गई थी। उस दौरान भी प्रशासनिक अधिकारियों की किसानों के साथ मीटिंग हुई थी, लेकिन उस वक्त सहमति न बनने के कारण वार्ता विफल रही थी। इसके बाद अधिकारियों ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल की बीते दिन जिला उपायुक्त राहुल नरवाल के साथ बैठक करवाई गई थी। उपायुक्त के साथ हुई मीटिंग के बाद उनके हस्तक्षेप से मंगलवार को टोहाना के एसडीएम प्रतीक हुड्डा, डीएसपी टोहाना शमशेर सिंह, तहसीलदार टोहाना व कुलां बीडीपीओ जाखल धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों के साथ वार्ता की, जिसमें किसानों ने अपनी मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रशासन ने किसानों को उनकी मांगे पूरी कराने का आश्वासन दिया। इसके लिए किसानों ने प्रशासन को 15 से 20 दिन का अल्टीमेटम देते हुए तहसील कार्यालय के गेट का ताला खोलने पर सहमति जताई। इस दौरान किसान नेता लाभ सिंह उदयपुर, हरविंदर बेनीवाल, जग्गी महल, लखविंदर सिंह, नसीब सिंह, गुरप्रीत सिंह, कृष्ण सिंह व कुलवंत सिंह मीटिंग में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/सुमन/संजीव