[ad_1]

-जिला उपायुक्तों को निर्देश, नामों की करेंगे सिफारिश, जिलों में भी आइकॉन बनेंगे
चंडीगढ़, 9 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में लोकसभा चुनावों के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए राज्य स्तर पर ‘चुनाव आइकॉन’ बनाया जाएगा। भारत चुनाव आयोग ने फिल्म अभिनेता राजकुमार राव को नेशनल स्तर पर यह जिम्मेदारी सौंपी है। अब इसी तर्ज पर हरियाणा में भी किसी ऐसे चेहरे को आइकॉन बनाया जाएगा। इतना ही नहीं, जिला स्तर पर भी आइकॉन बन सकेंगे।
राजकुमार राव मूल रूप से गुरुग्राम के रहने वाले हैं। वे हरियाणा की खेल संस्कृति पर ‘छलांग’ फिल्म भी बना चुके हैं। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने सभी उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिए हैं। उन्हें कहा गया है कि वे लोकसभा के आम चुनावों को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में यथाशीघ्र सेक्टरल ऑफिसर/सुपरवाइजर पद नामित करें।
उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी किए गए भारत चुनाव आयोग के इलेक्शन प्लानर के अनुरूप अपने-अपने जिलों का डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन प्लानर तैयार करें। सभी जिला चुनाव अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जितने भी फॉर्म-6, 7 और 8 लंबित हैं, उनका निपटान शीघ्र अति शीघ्र करें। अग्रवाल ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हुए कुल मतदान प्रतिशत को बढ़ाने का लक्ष्य लेकर हमें आगे बढ़ना होगा। आयोग का ध्येय है कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद कोई भी पात्र वोटर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाए बिना न रहे और न ही मतदान करने के लिए छूटे। चुनाव आयोग के द्वारा फिल्म अभिनेता राजकुमार राव को चुनाव का आइकॉन बनाया है। जिला स्तर पर भी निर्वाचन अधिकारियों को नवाचार, मस्कट व आइकॉन बनाने की ओर ध्यान देना होगा। उन्हें यह भी हिदायत दी है कि वे किसी ऐसे व्यक्ति को आइकॉन बनाएं, जो गैर-राजनीतिक हो।
इसी तरह से प्रदेश स्तर के लिए आइकॉन बनाने के लिए उनसे नामों की सिफारिश करने को कहा है। जिलों से आने वाले नामों की छंटनी करके उनका पैनल बनाकर भारत चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। चुनाव आयोग की सहमति के बाद हरियाणा में लोकसभा चुनावों के लिए चुनाव आइकॉन बनाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/वीरेन्द्र