[ad_1]



पूर्व बर्दवान, 02 मार्च(हि. स.): तृणमूल कांग्रेस के नेता राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना कभी ”मां सारदा” तो कभी ”मां दुर्गा” से करते हैं। लेकिन, इस बार पूर्व बर्दवान के जिलाधिकारी बिधान रॉय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना मां दुर्गा से करके विवादों में आ गए हैं। जिला शासक के बयान को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा ने इसकी कड़ी निंदा की और जिला शासक के तत्काल तबादले की मांग की है।
दरअसल पूर्व बर्दवान के जिला शासक बिधान रॉय ने शुक्रवार को बर्दवान के स्पंदन कॉम्प्लेक्स मैदान में जिले के सृष्टिश्री मेले में अपने भाषण में ममता बनर्जी की तुलना मां दुर्गा से की थी। उन्होंने कहा था, ””हमारे राज्य की माननीया मुख्यमंत्री एक महिला हैं। वह मां दुर्गा की तरह सभी क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं। मैं आपको कहता हूं कि अगर राज्य की मुख्यमंत्री मां दुर्गा की तरह काम कर सकती हैं तो आप क्यों नहीं?””
जिलाधिकारी की इस टिप्पणी सामने आते ही भाजपा ने इसकी कड़ी निंदा की है। पूर्व बर्दवान से भाजपा नेता मृत्युंजय चंद्रा ने शनिवार को कहा, ”पश्चिम बंगाल में मौजूदा सरकार के दौरान विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी तृणमूल नेताओं की तरह व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। एक और प्रमाण मिला कि नौकरशाह, पुलिस अधिकारी तृणमूल नेताओं के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। जिला अधिकारी एक प्रशासनिक अधिकारी होता है। उन्हें निष्पक्ष होकर बोलना और कार्य करना चाहिए।” लेकिन, उनके द्वारा की गई टिप्पणी के बाद भाजपा उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठा रही है। लोकसभा चुनाव सामने हैं। परिणामस्वरूप, ऐसा लगता है कि वह निष्पक्षता से मतदान नहीं करवा पाएंगे। इसलिए उनका अतिशीघ्र स्थानांतरण जरूरी है। हिन्दुस्थान समाचार/धनंजय