[ad_1]

छतरपुर, 3 जनवरी (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में व्याप्त कनेक्टिविटी समस्या को संबंध में बुधवार को ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन द्वारा खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा को पत्र प्रेषित कर इसका समाधान कराने की मांग की है। पत्र प्रेषित करने के बाद ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन द्वार एक पत्रकारवार्ता का आयोजन कर इस विषय पर अपने विचार मीडिया के सामने रखे गए।
ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के सचिव मनोज अवस्थी ने बताया कि सांसद विष्णुदत्त शर्मा के विशेष प्रयासों से दिल्ली- बनारस- खजुराहो इंडिगो फ्लाइट का संचालन अच्छी तरह से हो रहा था लेकिन अब 18 जनवरी से फ्लाइट बंद होने जा रही है, जिसको लेकर ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के सदस्य व टूरिस्ट ट्रेड से जुड़े हुए लोग निराश हैं। उनका मानना है कि अगर फ्लाइट बंद होती है तो यहां का पर्यटन व्यवसाय प्रभावित होगा। एसोसिएशन ने सांसद से मांग की है कि खजुराहो के पर्यटन को बढ़ाने के लिए न सिर्फ यह फ्लाइट संचालित होने की आवश्यकता है, बल्कि कुछ और फ्लाइट्स एवं वंदे भारत जैसी फास्ट ट्रेन खजुराहो से बनारस के लिए मिलना चाहिए।
इस मांग के उत्तर में सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा है कि वे जल्द ही इस विषय में केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से बात करेंगे। इस मौके पर ट्रैवल एजेंसी एसोसिएशन के इलियास खान, मनोज अवस्थी, विजय सिंह, मोहम्मद जावेद, नीरज गुप्ता, नितिन जैन, बॉबी त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/सौरभ भटनागर/मुकेश
[ad_2]
Source link