[ad_1]

ऊना, 03 मार्च (हि. स.)। प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बाद आये राजनीतिक भूचाल के बीच विधानसभा क्षेत्र गगरेट के कांग्रेसी कार्यकर्ता जहां निष्कासित किये विधायक चैतन्य शर्मा का विरोध कर रहे हैं। वहीं अब कांग्रेस कार्यकर्ता तीन बार विधायक रहे राकेश कालिया के समर्थन में उतरने लगे हैं। रविवार को घनारी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में ब्लॉक विकास समिति गगरेट के सदस्य तथा पूर्व में सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक रहे अनिल डडवाल खुलेआम पूर्व विधायक राकेश कालिया का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तथा कांग्रेस की टिकट पर तीन बार के विधायक रहे राकेश कालिया के समर्थन में खुल कर सामने आ रहे हैं और कांग्रेस हाईकमान से उनकी घर वापसी रास्ता प्रशस्त करने की गुहार लगा रहे हैं।
दूसरी ओर गगरेट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के चुने हुए कुछ जन प्रतिनिधि भी अब खुलकर राकेश कालिया के समर्थन में आ गए हैं। अनिल डढ़वाल ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते वह कांग्रेस आलाकमान, प्रदेश के प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह तथा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से करबद्ध अपील करते हैं कि संकट के इस समय में कांग्रेस पार्टी के हित को सर्वोपरि रखते हुए गगरेट कांग्रेस के लिए ज़मीन से जुड़े आम कार्यकर्ताओं के निवेदन को सुना जाए तथा लोक सभा चुनाव से पूर्व ही कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं तीन बार के विधायक राकेश कालिया सहित गगरेट के अन्य सभी रूष्ट कांग्रेसी नेताओं को पार्टी में शामिल करने की पार्टी की ओर से पहल की जाए।
अनिल डडवाल ने कहा कि गगरेट क्षेत्र अधिकतर कांग्रेस बूथ कमेटियां राकेश कालिया के पक्ष में हैं क्योंकि राकेश कालिया एक ईमानदार, स्वच्छ छवि और एक निडर नेता हैं, जिनका गगरेट और चिंतपुरनी वि स क्षेत्रों में व्यापक जनाधार है। अगर पार्टी उन से घर वापसी करवा लेती है तो ज़िला ऊना में कांग्रेस पार्टी को अत्याधिक मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर उनके साथ ग्राम पंचायत अंबोटा के पूर्व प्रधान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं क्षेत्र के सुप्रसिद्ध समाजसेवी ठाकुर चमेल सिंह भी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार/विकास/सुनील