[ad_1]

भोपाल, 2 फरवरी (हि.स.)। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान मध्यप्रदेश द्वारा रामभाऊ म्हालगी प्रबोधनी संस्थान के साथ जन-प्रतिनिधियों के लिये दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन कर रहा है। शनिवार, 3 फरवरी और रविवार 4 फरवरी को मध्यप्रदेश सरकार के जन-प्रतिनिधियों के लिये लीडरशिप समिट का आयोजन किया गया है। जन-प्रतिनिधियों के ओरिएंटेशन के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि और नीति आयोग के विशेषज्ञों के उद्बोधन के विभिन्न सत्र आयोजित होंगे। यह जानकारी शुक्रवार को जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने दी।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश लीडरशिप समिट के पहले दिन 3 फरवरी को दोपहर 3 बजे समिट का शुभारंभ होगा। पहले दिन मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मुख्य उद्बोधन होगा। इसके बाद “आकांक्षाएँ एवं संकल्प भारत सरकार की अहम पहल’’ विषय पर आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम अंतर्गत नीति आयोग भारत सरकार के आनंद शेखर और “तनाव प्रबंधन’’ पर डॉ. विक्रांत तोमर का उद्बोधन होगा।
लीडरशिप समिट के दूसरे दिन प्रात: 10 बजे से सायंकाल 7:30 बजे तक विभिन्न सत्रों का आयोजन होगा। इनमें “विधायी कार्य-प्रणाली’’, “अवसर एवं चुनौतियाँ’’, “आकांक्षाएँ एवं संकल्प-भारत सरकार की अहम पहल’’ एवं “प्रौद्योगिकी एवं सुशासन’’ विषय पर सत्रों का आयोजन होगा। इन सत्रों को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, श्वेता सिंह, डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, नगरीय आवास एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय संबोधित करेंगे। समापन सत्र सायंकाल 6:30 से 7:30 बजे तक होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश