[ad_1]

कोलकाता, 24 जनवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज बुधवार को पूर्व बर्दवान में प्रशासनिक बैठक करने वाली हैं। लोकसभा चुनाव से पहले यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि बर्दवान का क्षेत्र भाजपा का गढ़ रहा है और यहां लंबित सरकारी कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश मुख्यमंत्री देने वाली हैं। जिला प्रशासन सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री करीब एक साल बाद इस जिले के दौरे पर आ रही हैं। उन्हें शहर के गोदा मैदान में प्रशासनिक बैठक करनी है। पूर्व बर्दवान जिला परिषद के अध्यक्ष श्यामप्रसन्ना लोहार ने बुधवार सुबह कहा, ””तैयारियां पूरी हो गई हैं।””
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री बैठक से कई परियोजनाओं की घोषणा कर सकती हैं। जिले के लिए वित्तीय आवंटन की राशि लगभग 365.45 करोड़ है। वह कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करने वाली हैं। 837.41 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगी।
पिछले दो साल से मुख्यमंत्री गोदा मैदान में सभा करती आ रही हैं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इस बार की सभा भीड़ के रिकॉर्ड को पार कर सकती है। उसी के अनुरूप तैयारी की गयी है। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया, ””इस बैठक में खर्च पर लगाम लगाया गया है। पिछले वर्ष गोदा की बैठक का खर्च करोड़ से अधिक था। इस बार इसे घटाकर एक करोड़ किया जा रहा है। आयोजन के खर्च को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हीं जिला प्रशासन से खर्चे में कटौती के निर्देश दिए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश