[ad_1]

हुगली, 13 मार्च (हि.स.)। हुगली जिले के गुड़ाप में मंगलवार को हुए एक दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई थी जिसमें एक शिशु और तीन महिलाएं शामिल थीं। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने हुगली जिले के गुड़ाप में हुए हादसे पर दुःख जताया। उन्होंने कहा कि एक डंपर ने टोटो को टक्कर मार दी। इसमें छह-सात लोगों की मौत हो गई। हम उनके परिवारों को दो लाख रुपया दे रहे हैं। जानकारी है कि यह मुआवजा जिला प्रशासन के जरिए पहुंचाया जाएगा।
हादसा मंगलवार को हुगली जिले के गुड़ाप के कांगसारिपुर मोड़ पर हुआ। वहां अचानक एक लापरवाह डंपर वाहन ने एक टोटो को टक्कर मार दी। टोटो कार में एक बच्चे समेत छह यात्री सवार थे। इस घटना के बाद पुलिस ने डंपर के चालक को गिरफ्तार कर लिया। हुगली जिला पुलिस (ग्रामीण) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याण सरकार ने कहा कि पूरी घटना की जांच की जा रही है। गिरफ्तार चालक नशे की हालत में था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा