[ad_1]

शोणितपुर के जामुगुरीहाट में मेरे वाहन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया: जयराम रमेश
गुवाहाटी, 21 जनवरी (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश की कार पर भाजपा कार्यकर्ताओं के कथित हमले की पुलिस जांच के आदेश दिए हैं।
दरअसल, राज्य के शोणितपुर जिले में कांग्रेस नेता जयराम रमेश की कार पर कथित हमला हुआ था। इस संबंध में सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने कहा कि असम पुलिस के डीजीपी जीपी सिंह को दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने और आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने जयराम रमेश की एक्स पोस्ट को भी डीजीपी के साथ साझा करते हुए लिखा कि ‘कृपया मामला दर्ज करें और आरोपों की जांच करें।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को आरोप लगाया कि असम के शोणितपुर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने उनके वाहन पर हमला किया। रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह भी आरोप लगाया कि कार पर पानी फेंका और नारेबाजी की। जयराम रमेश ने कहा मेरे वाहन पर कुछ मिनट पहले जामुगुरीहाट, शोणितपुर में एक अनियंत्रित भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने हमला किया, जिन्होंने विंडशील्ड से भारत जोड़ो न्याय यात्रा के स्टिकर भी फाड़ दिए, पानी फेंका और नारे लगाए। इस पर हमने अपना संयम बनाए रखा, हाथ हिलाया गुंडे भाग गए। सोशल मीडिया पर रमेश ने एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में उनकी कार को कुछ लोगों को रोकते हुए देखा गया। जिनमें से कुछ के हाथ में भाजपा के झंडे थे। जब कार आगे बढ़ने की कोशिश कर रही थी, तब भी रमेश को बाहर लोगों की ओर हाथ हिलाते देखा जा सकता था।कांग्रेस नेता ने इस घटना के लिए असम के मुख्यमंत्री डाॅ. हिमंत बिस्व सरमा को भी जिम्मेदार ठहराया।रमेश ने कहा, यह निस्संदेह असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा का काम है। हम डरे हुए नहीं हैं और संघर्ष करेंगे। इस संबंध में शोणितपुर के एसपी सुशांत बिस्व सरमा ने इस खबर की पुष्टि नहीं की है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद/सुनील /सुनील