[ad_1]

रायपुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। बजट सत्र के दौरान विधानसभा में गुरुवार को शून्यकाल के दौरान कांग्रेस के विधायकों ने साधराम यादव हत्याकांड का मामला उठाया। सीबीआई जांच की मांग करते हुए कांग्रेस के विधायक नारेबाजी करते हुए गर्भगृह में उतर गए। इसके साथ ही विधायक निलंबित हो गए। बाद में कुछ देर में आसंदी ने उनका निलंबन रद्द कर दिया। कांग्रेस विधायकों ने साय सरकार पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र का मुद्दा होने की वजह से इसे दबाने का आरोप लगाया है।
शून्य काल के दौरान सदन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि साधराम यादव की हत्या की सही जांच नहीं की गई है, ना ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिला। रामकुमार यादव, देवेंद्र यादव, द्वारिकाधीश यादव, विक्रम मंडावी और अनिला भेड़िया ने भी उचित कार्रवाई की मांग करते हुए सीबीआई जांच की मांग दोहराई।इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा कि गृहमंत्री ने इस विषय पर कल ही सदन में स्पष्ट जवाब दे दिया है। इस विषय में आगे भी सदस्यों को अपनी बात कहने का मौका मिलेगा। इसके बाद सीबीआई को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ।
संसदीय कार्यमंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जो लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं उन्हें ख़ुद सीबीआई पर भरोसा नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने सीबीआई बैन को लेकर कहा,सीबीआई बैन हमारी सरकार से पहले जो सरकार थी, उन्होंने लगाया था। ऐसी बहुत सारी घटनाएं हैं, जिसमें राज्य सरकार के अनुमति से सीबीआई जांच कर सकती है। कितने ही ऐसे प्रकरण है, जिसमें मैंने खुद मुख्यमंत्री के रूप में सीबीआई को जांच करने के अनुमति दी और जांच चली। अभी कोई गैजेट नोटिफिकेशन नहीं हुआ है।सदन में संसदीय कार्य मंत्री और विधि मंत्री गलत जानकारी दे रहे हैं। यदि राज्य सरकार ने कोई फैसला कर लिया है कि सीबीआई से प्रतिबंध हटा लिया है।उन्हीं लोगों ने इसको प्रतिबंधित किया था, अब उसे हटा लिया है।कोई गजट नोटिफिकेशन हुआ हो, इस प्रकार की जानकारी आम जनता को छत्तीसगढ़ में नहीं है।
इसको लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा का कहना है कि यह बिरनपुर की घटना से पृथक घटना है। इसमें हत्या की जो प्रक्रिया अपनाई गई है। मैंने सदन में कहा कि हत्या हथियार से नहीं विचारों से की गई है। इसमें लोगों के कश्मीर आने जाने का लिंक मिला है, उसी पर जांच चल है।यू ए पी ए लगा है, आतंकवादी गतिविधि में शामिल होने का लिंक मिला है. इस गतिविधि की जांच के लिए जो भी एजेंसी एप्रुपरिएट होगी, उस एजेंसी से हम आवश्यकता पड़ने पर जांच कराएंगे।
बाद में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा कि मुद्दा डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र का है, इसे दबाने की कोशिश की जा रही है। विषय को भटकाने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिल रहा है और इसलिए आवाज बहुत जोर से उठ रही है कि यह भेदभाव किया जा रहा है।बिरनपुर में जब आप सीबीआई जांच कर रहे हैं तो यहां साधराम यादव की घटना में भी सीबीआई जांच होनी चाहिए। यह हमारे सदस्यों की मांग है।
एक तरफ लगातार यह डिमांड हो रही है कि उसे उचित मुआवजा, सरकारी नौकरी दी जाए और यादव परिवार को न्याय मिले।इस मामले को लगातार कई मंचो पर उठाया गया।आज भी कबीरधाम जिला मुख्यालय में समाज के द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। विधानसभा में भी हमारे साथियों ने इस मुद्दे को उठाया।जिस प्रकार से इसी सदन में दो दिन पहले बिरनपुर घटना में जब आपने सीबीआई जांच की घोषणा की। इस घटना की भी जांच सीबीआई से कराने की मांग हमारे कांग्रेस विधायक दल के साथियों ने उठाया।इसका सत्ता पक्ष से इसका कोई जवाब नहीं आया।
हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा