[ad_1]

छतरपुर, 25 जनवरी (हि.स.)।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय किशोर सागर द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय कन्या पी जी (अग्रणी) महाविद्यालय छतरपुर में बालिकाओं के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उक्त कार्यक्रम में बीके रीना ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप में वह शक्ति है जो सारे विश्व को पतन से उबार सकती हैं, आप स्नेह, प्यार, सम्मान, एकता परिवार में लाकर दैवी संस्कृति और सभ्यता को वापस ला सकती हैं। आप बेटियां सु:संस्कारों की धरोहर हैं। आपकी वैल्यू को सारा विश्व जानता है इसीलिए तो आपके नाम से राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। आपका जीवन बड़ा अनमोल है। इस जीवन की वैल्यू को समझते हुए इसे वैल्युएबल कार्यों में लगाना यही सबसे बड़ी समझदारी है। कार्यक्रम प्रिंसिपल डॉ एल एल कोरी के मार्गदर्शन में प्रोफेसर किशोरी सोनी, प्रोफेसर शुभा मिश्रा की उपस्थिति में किया गया।
इसके अलावा बालिका छात्रावास शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय नवीन कन्या पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास में कार्यक्रम वार्डन दीपशिखा तिवारी एवं अर्चना अहिरवार की उपस्थिति में किया गया।
इस कार्यक्रम में बीके कल्पना ने सभी बालिकाओं से अपील की है कि क्षणिक आकर्षण के वशीभूत होकर अपने परिवार की मर्यादाओं को न तोड़ें, क्योंकि आप धर्म, संस्कृति की और अनेकों की प्रेरणा स्रोत हैं। हे कन्याओं तुम कल्याणी हो तुम्हें भटकी हुई नाव को मूल्यों की पतवार देने का कार्य करना है और भूमंडल पर नए भारत की तस्वीर उभारने का कार्य भी आपको ही करना है। कार्यक्रम में बीके मोहिनी, बीके प्रीति द्वारा अनेक प्रकार की एक्टिविटीज एवं मेडिटेशन की अनुभूति कराई गई।
हिन्दुस्थान समाचार/सौरभ भटनागर