[ad_1]
छतरपुर,19 मार्च (हि.स.)। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए जिला बदर आरोपियों की निगरानी और जिले की भौगोलिक सीमा में पाए जाने पर गिरफ्तार करने के निर्देशों का पालन करते हुए चंदला थाना पुलिस द्वारा एक जिला बदर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि जिस वक्त अपराधी पकड़ा गया, उस वक्त वह किसी संगीन जुर्म को अंजाम देने की फिराक में था।
चंदला थाना प्रभारी निरीक्षक हरि सिंह ठाकुर ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम छपरा के रहने वाले 35 वर्षीय आदतन अपराधी जग्गा उर्फ जगपाल राजपूत उम्र 35 साल को जिला दण्डाधिकारी ने 5 नवंबर 2023 को जिला बदर घोषित किया था। गत रोज देहात भ्रमण के दौरान उन्हें सूचना मिली कि उक्त आरोपी जग्गा उर्फ जगपाल राजपूत ग्राम छपरा में प्राथमिक विद्यालय के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर जग्गा उर्फ जगपाल राजपूत को दबोच लिया। जग्गा उर्फ जगपाल राजपूत के विरुद्ध चोरी, लूट, मारपीट जैसे कई अपराध पंजीबद्ध हैं। चंदला थाना प्रभारी ने आरोपी जग्गा उर्फ जगपाल राजपूत के विरुद्ध धारा 188 भारतीय दंड विधान एवं म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14, 15 का मामला दर्ज किया है।
दो वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को पुलिस ने दबोचा
पिछले करीब 2 वर्षों से अवैध हथियार रखने के मामले में फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को ओरछा रोड थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दिए गए निर्देशों के परिपालन में की गई है।
ओरछा रोड थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी थाना क्षेत्र के ग्राम कैंड़ी का रहने वाला है। उसके विरुद्ध आयुध अधिनियम के एक प्रकरण में न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किया गया था। बीते रोज क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी थाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायलय पेश में पेश करने के बाद आरोपी को जेल में दाखिल किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/सौरभ भटनागर