[ad_1]

– लखनऊ में जेजेएम एवं स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण की नेशनल कॉन्फ्रेंस संपन्न
भोपाल, 17 फरवरी (हि.स.)। जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण कार्यक्रम के संबंध में लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस शनिवार को संपन्न हुई। इसमें भोपाल जिला पंचायत के सीईओ ऋतुराज सिंह ने भोपाल जिला पंचायत के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।
प्रस्तुतिकरण में सीईओ ने बताया कि कैसे हम गाँवों में कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ-साथ कचरे को प्रॉसेस कर उसको सड़क निर्माण में प्रयोग होने वाली सामग्री के रूप में उपयोग कर रहे हैं। गांवों में ई-रिक्शा के माध्यम से डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित किया जा रहा है। डीजल चलित गाड़ियों के स्थान पर ई-रिक्शा के प्रयोग से जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षित हो रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ डीजल पर व्यय होने वाली राशि की भी बचत की जा रही है। विगत एक वर्ष की बात की जाए तो ई-रिक्शा के उपयोग से डीजल पर व्यय होने वाली लगभग 2.86 करोड़ राशि की बचत की जा चुकी है। गांवों से एकत्रित कचरे को 19 अलग-अलग श्रेणी में पृथक्कीकरण कर एम.आर.एफ. सेंटर में उसे प्रोसेस किया जाता है। प्रोसेस करने के बाद उसे सड़क निर्माण में उपयोग किया जाता है। इसके साथ ही वेस्ट टू वेल्थ मॉडल पर ग्रामीण महिलाओं द्वारा प्लास्टिक का री-यूज कर बेग, शीट इत्यादि बनाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचा / मुकेश