[ad_1]

मुंबई, 01 फरवरी (हि.स.)। ठाणे जिले में स्थित शाहपुर के आश्रम स्कूल में फूड प्वाइजनिंग मामले में स्कूल के अधीक्षक सहित चार लोगों के विरुद्ध गुरुवार को वाशिंद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। वाशिंद पुलिस स्टेशन की टीम ने आश्रम स्कूल से बुधवार के भोजन के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया है। मामले की गहन छानबीन जारी है। इस स्कूल में फूड प्वाइजनिंग से बीमार हुए 109 छात्रों की तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को शाहपुर में स्थित संत गाडगे महाराज आश्रम स्कूल में फूड प्वाइजनिंग की वजह से 109 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद सभी बीमार बच्चों को शाहपुर के उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। गुरुवार को आदिवासी विभाग के अधिकारी अरविंद जाधव ने स्कूल के अधीक्षक एन.डी. अंभोरे, प्राथमिक प्रभारी प्राचार्य सारिका गायकवाड, माध्यमिक प्राचार्य जीवनराव देशमुख और बाहरी भोजन प्रदाता वासिंद के पंढरी चव्हाण के विरुद्ध वासिंद पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया है। अब तक की जांच में पता चला है कि बच्चों को श्राद्ध का बचा हुआ भोजन और गुलाब जामुन खिलाया गया था।
आदिवासी परियोजना अधिकारी राजेंद्र कुमार हिवाले ने बताया कि एहतियात के तौर पर आश्रम स्कूल में डॉक्टरों की एक टीम, दो एम्बुलेंस और एक पुलिस टीम तैनात की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/आकाश