[ad_1]

शिमला, 12 फ़रवरी (हि.स.)। किन्नौर जिले के काशंग नाले में बीते 4 फरवरी को टोयोटा क्रिस्टा कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लापता तमिलनाडु के 45 वर्षीय वेत्री दुराईसेमी का शव सोमवार दो बजे पांगी नाले के समीप बरामद हुआ।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि माहूंनाग डाइविंग एसोसिएशन सुदंरनगर मंडी की टीम ने सोमवार को शव को बरामद किया। उपायुक्त ने बताया कि 4 फरवरी को राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर काशंग नाला के समीप एक हादसे में इनोवा गाड़ी सतलुज नदी में गिर गई थी। कार सवार तीन पर्यटकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई थी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। जबकि इस कार मे सवार तमिलनाडु के वेत्री दुराईसेमी लापता हो गए थे। दुराईसेमी की तलाश के लिए लगातार आठ दिन तक सर्च अभियान चलाया गया। आठ दिन तक चले इस सर्च अभियान में भारतीय नेवी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर, एनडीआरएफ, एसटीआरएफ, पुलिस व होमगार्ड की रेस्क्यू टीमों ने संयुक्त रूप से खोजबीन की थी। सोमवार दोपहर को लापता तामिलनाडु के वेत्री दुराईसेमी का शव बरामद हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील/सुनील