[ad_1]



हुगली, 12 मार्च (हि.स.)। हुगली जिले में पोलबा थानांतर्गत राजहाट ग्राम पंचायत के अंतर्गत दिल्ली रोड संलग्न इलाके में एक तालाब से एक 12 वर्षीय बालक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाबालिग का नाम देव घोष था। वह अपने मां के साथ राजहाट पंचायत इलाके में दिल्ली रोड के पास रहता था। देव के घर के पास में बिहार से कुछ मजदूर गैस पाइप लाइन पर काम करने आये थे। वहां ऑफिस बनाने का काम चल रहा है।
मजदूर टिन के मकानों में रह रहे थे। देव मजदूरों को नाश्ता पानी लाकर देता था। सोमवार शाम को कर्मचारियों ने उसे चाउमिन और एगरोल लाने दिया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं था। मंगलवार सुबह बालक का शव कुछ दूरी पर तालाब में मिला। पुलिस ने बताया कि मृतक के गले पर कटे के निशान थे।
देव की मां मामोनी ने आरोप लगाया कि उसके बेटे की गला रेतकर हत्या की गई है। पानी पहुंचाने के लिए लड़के को दो सौ रुपये मिलते थे उन्हें लगा कि वे वही पैसे लाने गया है। रात में जब वह घर नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की गई। बाद में उसका शव बरामद किया गया।
आरोपित होने के शक में मजदूरों के घरों में तोड़फोड़ की गई। पोलबा थाने की पुलिस ने आरएएफ और केंद्रीय बलों को साथ लिया और स्थिति को संभाला। बाद में हुगली ग्रामीण पुलिस के अतिरिक्त अधीक्षक कल्याण सरकार मौके पर आये। शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए चुंचूड़ा इमामबाड़ा अस्पताल भेज दिया गया। इस घटना में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याण सरकार ने कहा कि पुलिस को सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली। बालक का शव उतरता हुआ देखा गया। फिर मौके पर आकर शव बरामद किया। परिवार के संदेह और शिकायत के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा