[ad_1]

नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.) आईएनडीआई गठबंधन छोड़ कर एनडीए में शामिल होने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करने वाले कांग्रेस नेताओं पर भाजपा ने निशाना साधा है।
सोमवार को राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उसे अपनी गलतियों और विफलताओं के लिए दूसरों को दोष देने की आदत है। कांग्रेस के पास किसी भी विचारधारा में बदलाव के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वही पार्टी है, जिसने अरविंद केजरीवाल से हाथ मिला लिया। जो सोनिया गांधी को भ्रष्ट कहते थे, उसी अरविंद केजरीवाल ने मांग की कि राजीव गांधी का भारत रत्न वापस लिया जाना चाहिए। कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे से हाथ मिलाया. जिनके लिए सावरकर आदर्श हैं और राहुल गांधी उसी आदर्श को गाली देते हैं। राहुल गांधी कहते हैं कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं लेकिन दूसरी ओर वह लालू यादव से हाथ मिलाते हैं, जो भ्रष्टाचार के मामले में दोषी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए प्रसिद्ध हिंदी कहावत की याद दिलाती है – नाच न जाने, आंगन टेढ़ा। सच तो यह है कि भारत के साझेदारों को यह एहसास हो गया है कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल