[ad_1]

– राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर को सह चुनाव प्रभारी लगाया
चंडीगढ़, 27 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा भाजपा के प्रभारी बिप्लब कुमार देब को राज्य में लोकसभा चुनाव की कमान सौंप दी है। यह पहला मौका है, जब किसी भाजपा प्रभारी को पार्टी ने राज्य में लोकसभा चुनाव की कमान सौंपी है। अब बिप्लब कुमार देव के पास हरियाणा में दो दायित्व होंगे।
राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर को देब के साथ हरियाणा में भाजपा का लोकसभा सह चुनाव प्रभारी लगाया गया है। सुरेंद्र नागर राज्यसभा में उप सभापति भी हैं, जबकि देब त्रिपुरा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और पिछले काफी समय से हरियाणा भाजपा का प्रभार संभाल रहे हैं।
हरियाणा भाजपा के नये लोकसभा चुनाव प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी सुरेंद्र सिंह नागर की जल्दी ही मीटिंग होनी संभव है। नई दिल्ली में इन दोनों नेताओं की मीटिंग के बाद उनकी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा होगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रभारी व सह-प्रभारी अगले सप्ताह चंडीगढ़ आ सकते हैं, जहां उनकी मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के बाद पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ भी चर्चा होगी।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/वीरेन्द्र