[ad_1]

वाराणसी, 24 फरवरी (हि.स.)। पांडेयपुर लालपुर थाना क्षेत्र के गोइठहा रिंग रोड पर शनिवार अपरान्ह हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल भिजवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर रिंगरोड पर जा रहे चार लोगों को धक्का मार दिया। भागने के चक्कर में चालक ने कार को तेज गति से भगाया तो अनियंत्रित वाहन लगभग 100 मीटर पहुंचते-पहुंचते बीच सड़क पर पलट गई। हादसे में घायल होने के बावजूद कार सवार मौके से भाग निकले। क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां एक युवक की मौत हो गई। मृत युवक की पहचान विकास सैनी (28) पुत्र भगवानदास सैनी निवासी हुकुलगंज के रूप में हुई। सूचना पर मृतक और घायलों के परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि विकास अपने दो भाइयों के साथ गोरखपुर शादी में जाने के लिए बस पकड़ने जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित कार ने तीनों को धक्का मार दिया। हादसे में चौथा घायल एक मजदूर है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर/प्रभात