[ad_1]

– बाइक दुर्घटना में घायल होकर आए थे तीन युवक
भिण्ड, 11 फरवरी (हि.स.)। जिला अस्पताल के हालात इन दिनों बेहद नाजुक चल रहे हैं। दुर्घटना में घायल होकर आए तीन युवकों को पहले तो चिकित्सक नहीं मिले और बाद में उन्हें ग्वालियर के लिए रैफर कर दिया गया। रैफर उपरांत दो घण्टे तक एम्बुलेंस नहीं मिल पाने से एक युवक ने दम तोड़ दिया।
रविवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे सोमेश पुत्र संतोष सिंह यादव उम्र 22 निवासी भदावर कॉलोनी अपने दोस्त अजीत पुत्र जयवीर निवासी परसोना, रोहित पुत्र रघुराज सिंह निवासी भदावर कॉलोनी भिण्ड अपनी बाइक पर सवार होकर फिजिकल की तैयारी के लिए रोजाना की तरह कोचिंग जा रहे थे। जब उनकी बाइक जिला अस्पताल के पास डॉक्टर्स लेन चौराहे पर पहुंची तो वहां खड़े एक सब्जी के ठेले से टकरा जाने के बाद उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों की मदद से तीनों घायल युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सुबह के समय कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं मिला। ट्रॉमा सेंटर के स्टाफ ने तीनों को ग्वालियर रेफर कर दिया। इसके बाद तीनों घायल उपचार के लिए एम्बुलेंस के इंतजार में अस्पताल में ही तड़पते रहे। परिजनों का आरोप है, करीब दो घण्टे बाद एम्बुलेंस उपलब्ध हो पाई। इस वजह से घायल समय पर ग्वालियर घायल नहीं पहुंच सके। जब एम्बुलेंस आई तो उसमें ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था नहीं मिली। जानकारी के अनुसार घायलों में से सोमेश ने मालनपुर के पास दम तोड़ दिया।
सोमेश की मौत की खबर से भदावर कॉलोनी के निवासी आक्रोशित हो गए। परिजनों, रिश्तेदारों एवं कॉलोनी वासियों ने शहर के इटावा चुंगी पर ऑफिसर कॉलोनी के सामने हाइवे पर जाम लगा दिया। करीब तीन घण्टे तक जाम लगा रहा। लोगों की मांग थी कि हॉस्पिटल से प्रावड्रेट एम्बुलेंस संचालित की जाएं। चिकित्सा व्यवस्था में सुधार किया जाए। जाम खुलवाने के लिए एसडीएम पराग जैन बातचीत करने पहुंचे तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों हॉस्पिटल की अव्यवस्था को लेकर भड़क गए। जब लोगों ने युवक के परिजनों को बताया कि ये एसडीएम हैं, लेकिन आक्रोशित लोगों का कहना था कि कलेक्टर व विधायक ने जिला अस्पताल से प्राइवेट एम्बुलेंस हटवाईं हैं, प्राइवेट एम्बुलेंस होती तो समय रहते ग्वालियर सोमेश पहुंच जाता। लोग कलेक्टर को बुलाने के लिए अड़े रहे। करीब तीन घण्टे तक जाम लगा रहा। शहर कोतवाली से लेकर ऑफिसर कॉलोनी गेट व एसएएफ मौदान तक दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब पौने 11 बजे एसपी असित यादव आए और उन्होंने धरना पर बैठे शोकाकुल परिवार के सदस्यों से बात की और जाम खुलवाया।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद