[ad_1]

जयपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। झोटवाडा थाना इलाके के जोशी मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक में तेईस फरवरी को दिन-दहाड़े लूट की कोशिश में गिरफ्तार हुए आरोपितों से पूछताछ में कई खुलासे सामने आ रहे हैं। पूछताछ में सामने आया है कि पूर्व में बैंकों की घटनाओं का मास्टर माईंड विनोद मीणा है और मास्टर माईंड के लूट की प्लानिंग के अपनी हस्त लिखित दस्तावेज लेख भी मिले है।
जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जाॅर्ज जोसफ ने बताया कि झोटवाडा थाना इलाक पीएनबी बैंक में दिन दहाड़े हथियार की नोंक पर हुई लूट की घटना में गिरफ्तार आरोपित भरत मीणा से पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूर्व में श्याम नगर, विधायकपुरी जयपुर में बैंक लूट की वारदातों में आरोपित का सहयोगी विनोद मीणा था। विनोद मीणा द्वारा घटनास्थल की भरत मीणा के साथ में रैकी कर नक्शा बनाया जाता था तथा नक्शे के अनुसार ही कई दिनों तक रुट को बारिकी से विश्लेषण कर घटना को अंजाम देते थे। इन वारदातों में अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।
साथ ही आरोपित वारदात करने के बाद घटनास्थल से कर्मचारियों के वाहन को फरार लेकर होते थे और पांच किलोमीटर पर वाहन, कपडे व हुलिया बदल लेते थे। फिर लूट के रुपये से ऐश-आराम करते है। आरोपितों ने पूर्व में की गई बैंक लूट के रुपयों से कार खरीदी थी व जयपुर शहर के सिविल लाइंस एरिया में किराए से मकान ले रखा था। इसके अलावा पूर्व में बैंक लूट की कारित की गई घटनाओं (श्याम नगर व विधायकपुरी) के संबंध में समाचार पत्रों में आई खबर के न्यूज़ पेपर आरोपी के कमरे में मिले है। जहां भरत मीणा व विनोद मीणा द्वारा घटना की प्लानिंग की जाती थी । वहीं विनोद मीणा द्वारा हस्त लिखित नोट मिले है जिसमें विनोद मीणा उर्फ सोनू द्वारा बुरा आचरण छोडने की बात लिखी हुई मिली है। विनोद मीणा की मृत्यु नवम्बर 2023 में हो गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित वारदात करने अपनी कार से आते थे। इसके बाद आरोपित अपनी कार को दूर खडी कर ई-रिक्शा में आकर वारदात को अंजाम देकर बैंक कर्मचारियों- ग्राहकों से ही किसी का दुपहिया वाहन की चाबी लूटकर उक्त वाहन से ही मौके से फरार हो जाते थे। उक्त वाहन को कहीं पर भी खडा कर वहां से अपनी कार के पास पहुंचते थे। आरोपितों ने पूर्व में बैंकों से लूटी गई राशि में से कार खरीदी थी। जो की कालवाड रोड पुलिस द्वारा बरामद की गई है तथा शेष राशि बरामदगी के प्रयास किए जा रहे है। साथ ही वारदात के दौरान मिलने हथियार की खरीद-फरोख्त के बारे में जानकारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप