[ad_1]


बलिया, 22 जनवरी (हि. स.)। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का साक्षी भृगु की नगरी बलिया भी बना। छोटे-बड़े सभी मंदिरों में सजीव प्रसारण के माध्यम से लोग रामलला के विराजमान होने के अवसर के साक्षी बने। जैसे ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रामलला सरकार के नवीन विग्रह की भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की, बलिया जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
भगवान राम के नव्य मंदिर में प्रतिष्ठित होने के अवसर को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर से लेकर गांव तक मंदिरों को फूलों से सजाया गया था। शहर के सबसे बड़े हमुनान मंदिर हनुमानगढ़ी पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था जिला प्रशासन के तरफ से की गई थी। जहां राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, डीएम रवींद्र कुमार व एसपी देव रंजन वर्मा ने हजारों लोगोंके साथ प्राण प्रतिष्ठा को देखा। वहीं बाबा बलेश्वरनाथ मंदिर में भी हजारों लोग जुटे थे। प्राण प्रतिष्ठा होने के साथ ही लोगों ने बाबा बलेश्वरनाथ और हनुमान जी के दर्शन किए। कदम चौराहा स्थित बड़ी मठिया में राम जानकी मंदिर में लोगों के लिए सीधा प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। यहां हजारों लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रसाद ग्रहण किए। उधर, गांवों में भी मंदिरों को सजाया संवारा गया है। शाम को भंडार और प्रसाद वितरण की व्यवस्था है। लोगों ने घरों पर भगवा झंडे लगाए हैं और शाम को दीपावली मनाने की तैयारियां हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/एन पंकज/राजेश