[ad_1]

बनगांव, 23 जनवरी (हि.स.)। गौ तस्करी रोकते समय बीएसएफ की फायरिंग से तस्कर की मौत हो गई। घटना मंगलवार तड़के उत्तर 24 परगना जिला अंतर्गत बनगांव सीमावर्ती इलाके की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक का नाम और पहचान अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार तड़के तस्करों का एक समूह बनगांव बांसघाटा सीमा के रास्ते गायों की तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। उसी समय सीमा पर तैनात जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि तस्करों ने जवानों पर हमले की कोशिश की जिसके बाद जवानों ने आत्मरक्षा में फायरिंग कर दी। एक तस्कर को गोली लगी और वह गिर पड़ा। उसे बनगांव अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की लिखित शिकायत बनगांव थाने में दर्ज करायी गई है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतक के साथियों की तलाश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा