[ad_1]

शिमला, 7 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को वर्चुअल माध्यम से हिमाचल के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णीजी धाम के लिए 25 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने पर केन्द्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उनका हृदय से आभार प्रकट किया।
केन्द्रीय सूचना प्रसारण व खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को यहां कहा कि यह हमारे लिए बेहद प्रसन्नता का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी जी धाम में प्रसाद योजना के अंतर्गत लगभग 25 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इसके लिए मैं मोदी का धन्यवाद ज्ञापन करता हूं।
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि प्रसाद योजना के अंतर्गत श्री चिंतपूर्णी देवी मंदिर परिसर के विकास के प्रथम चरण में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें प्रमुख तौर पर कीर्तन हॉल, प्रसाद वितरण कक्ष, 38 दुकानें, फूड कोर्ट, नियंत्रण कक्ष, श्रद्धालु प्रतीक्षा कक्ष, सुरक्षा जांच कक्ष, आपातकालीन एवं प्राथमिक चिकित्सा कक्ष, पेयजल सुविधा इत्यादि तथा लिफ्ट और रैंप की सुविधाएं, वीवीआईपी के लिए अलग गलियारा, रोपवे, आगंतुकों के लिए प्रवेश और विकास द्वार इत्यादि विकसित किया जाएगा।
ठाकुर ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने भारत सरकार की ओर से जो 25 करोड़ रुपये दिए हैं, उससे आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे स्थानीय लोक, कला, संस्कृति, व्यंजनो व पर्यटन को काफी लाभ मिलेगा।
ठाकुर ने कहा कि स्वर्ण मंदिर, तिरुपति बालाजी, माता वैष्णो देवी धाम और अन्य धामों में 100 से लेकर 300 करोड़ रुपये तक खर्च किए हैं। मेरा मंदिर प्रशासन, चिंतपूर्णी के दुकानदारों से आग्रह है कि हम भी यहां इन 25 करोड़ के अलावा टेंपल ट्रस्ट से भी पैसे लें और कुछ लोन लेकर यहां भी और भव्य निर्माण कराएं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार से और पैसा दिलाने के प्रयास हो रहे हैं। शुरू में हमने 51 करोड रुपये मंजूर कराए थे, मगर किन्हीं कारणवश जमीन अधिग्रहण में देरी होने के कारण इसमें भी विलंब हुआ है। मुझे लगता है कि हम सभी को मिलकर मॉडल प्रोजेक्ट को और बड़ा और भव्य बनाना चाहिए। हमारा लक्ष्य टूरिस्ट फुटफॉल को कई गुना बढ़ाना चाहिए। आप सभी इस ओर अपने-अपने सुझाव मुझे अवश्य भेजें। हमें साथ मिलकर मां चिंतपूर्णी जी धाम को और दिव्य व भव्य बनाना है।
हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/सुनील