[ad_1]

नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई ‘अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा’ की वार्षिक बैठक 15 से 17 मार्च तक महाराष्ट्र के नागपुर स्थित रेशिमबाग परिसर में आयोजित की गई है।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि बैठक में 2023-24 के संघ कार्य की समीक्षा और आगामी वर्ष की सांगठनिक कार्य योजना पर चर्चा होगी। सरसंघचालक और अन्य सभी अखिल भारतीय पदाधिकारियों के प्रवास और संघ शिक्षा वर्गों की नई योजना के क्रियान्वयन पर विचार होगा। बैठक में संघ शताब्दी निमित्त कार्य विस्तार योजना दृढ़ीकरण के साथ विशेष कर आगामी शताब्दी वर्ष के उपक्रमों पर चर्चा होगी। देश की वर्तमान स्थिति पर विचार एवं महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।
आंबेकर ने बताया कि संघ की प्रतिनिधि सभा हर वर्ष देश के विभिन्न भागों में होती है। प्रत्येक तीसरे वर्ष की प्रतिनिधि सभा का आयोजन नागपुर में होता है। प्रतिनिधि सभा में 45 प्रांतों से 1500 प्रतिनिधि सहभागी होंगे। प्रतिनिधि सभा में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्यकारिणी, क्षेत्र एवं प्रांत कार्यकारिणी, सभी विभाग प्रचारक तथा विविध संगठनों के आमंत्रित कार्यकर्ता भाग लेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/सुशील/पवन