[ad_1]

चंडीगढ़, 24 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शनिवार शाम अंबाला जिले के मुलाना पुलिस थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर कर्मचंद को 15 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने रिश्वत की मांग उच्च न्यायालय में शिकायतकर्ता के हित में रिपोर्ट प्रस्तुत करके उसकी रेगुलर बेल करवाने के बदले में की थी।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के खिलाफ मुलाना पुलिस थाने में विभिन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज था। शिकायतकर्ता ने हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की पंचकूला टीम से संपर्क किया और बताया कि अंबाला के मुलाना पुलिस थाने में कार्यरत सब इंस्पेक्टर कर्म चंद द्वारा उच्च न्यायालय में शिकायतकर्ता के पक्ष में रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए उसकी रेगुलर बेल करवाने के बदले में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। प्राप्त शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच पड़ताल की गई और आरोपित को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया। इस मामले में सभी आवश्यक सबूत जुटाते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है। इस मामले में आरोपित के खिलाफ अंबाला के एंटी करप्शन ब्यूरो पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करते हुए उसकी गिरफ्तारी की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/पवन