[ad_1]

झाबुआ, 4 मार्च (हि.स.)। भील पंचायत में दुर्घटना के रूपए नहीं मिलने पर सरपंच का अपहरण करने वाले ईनामी फरार वारंटी को कल्याणपुरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला जिले के पेटलावद सब डिवीजन के कल्याणपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुलवानिया का है, जिसमें 18 आरोपितों द्वारा ग्राम सरपंच का अपहरण कर लिया गया था। घटना के बाद पुलिस द्वारा मामले में 17 आरोपितों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया गया था, किन्तु एक आरोपित घटना के बाद से ही फरार हो गया था।
उक्त मामले में जानकारी देते हुए अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस पेटलावद सौरभ तोमर ने सोमवार को बताया कि पुलिस को फरार आरोपित के बारे में सूचना मिली थी, जिसके आधार पर थाना प्रभारी कल्याणपुरा निरीक्षक निर्भयसिह भूरिया व उनकी टीम व्दारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मूखबिर की सूचना पर फरार आरोपित राकेश पुत्र कालू डामोर निवासी धामंदा को दबिश देकर पकड़ लिया गया।
एसडीओपी ने मामले में दी गई जानकारी में बताया कि इस मामले में अपराध क्रमांक 557/2023 एवं भारतीय दण्ड विधान की धारा 365, 364, 149, 323 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। घटना अनुसार 18 आरोपितों द्वारा जुलवानिया सरंपच केगु का अपहरण कर सनसनी फेला दी गई थी। घटना के बाद दिनांक 11.12.2023 को 17 आरोपीयों को गिरफ्तार कर जेल में दाखिल किया गया था, किन्तु आरोपित राकेश पुत्र कालू जाति डामोर निवासी धामंदा घटना दिंनाक से ही फरार हो गया था। पुलिस द्वारा कई बार उसके घर गाँव में दबिश भी दी गई, लेकिन वह पुलिस को बार बार चकमा दे रहा था।
रविवार को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि फरार स्थाई वारंटी राकेश पुत्र कालू डामोर तलावली रोड पर नकाब पहन कर खड़ा है। सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया ने पुलिस टीम की सहायता से घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा 2000 रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा