[ad_1]

मुर्शिदाबाद, 26 मार्च (हि.स.)। बहरमपुर सीट से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार यूसुफ पठान ने मंगलवार को बहरमपुर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने चुनाव जीतने के लिए पार्टी की माताओं और बहनों से दुआ और आशीर्वाद मांगा। मंगलवार दोपहर को बेलडांगा नगरपालिका के सामुदायिक भवन में पठान ने पार्टी के बहरमपुर-मुर्शिदाबाद संगठनात्मक जिला महिला नेतृत्व के साथ एक अलग बैठक की। आज की बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष रुबिया सुल्ताना उपस्थित थीं। पार्टी के संगठनकर्ता जिलाध्यक्ष अपूर्बा सरकार सहित कई शीर्ष तृणमूल नेता उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करके यूसुफ पठान ने कहा कि मैं बहरमपुर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार हूं। लेकिन आज यहां मैं आपका ‘भाई’ और ‘बेटा’ हूं। समाज और परिवार में महिलाओं की अहम भूमिका बताते हुए यूसुफ ने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि इस राज्य की मुख्यमंत्री एक महिला हैं।
बैठक में उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं से उनकी ‘दुआ’ और आशीर्वाद मांगते हुए यूसुफ ने कहा, ‘मैं आप सभी से आपका बहुमूल्य वोट मांगने आया हूं ताकि भविष्य में ममता बनर्जी की सरकार के लिए बेहतर काम कर सकूं। अच्छे और स्वस्थ समाज के निर्माण में महिलाएं अहम भूमिका निभाती हैं।’
पश्चिम बंगाल और बहरामपुर को अपनी ‘कार्यस्थली’ बताते हुए यूसुफ ने कहा, ‘अगर यहां की सभी माताओं की ‘दुआ’ मेरे साथ है, तो मुझे चुनाव में कोई नहीं हरा सकता।’
हिन्दुस्थान समाचार/गंगा/आकाश