Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

-सीईसी ने दिया था राज्य को अलग ब्रांड एंबेसडर बनाने का निर्देश
चंडीगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और राज्य निर्वाचन आयोग (सीईसी) को अभी तक वोटिंग के लिए लोगों को उत्साहित करने हेतु कोई ब्रांड एंबेसडर नहीं मिला है। निर्वाचन आयोग द्वारा अभी तक जिन नामी चेहरों को ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए चर्चा की गई, उनमें से अधिकतर या तो राजनीतिक दलों के साथ जुड़े हुए हैं या फिर उनके नाम के साथ कोई न कोई विवाद जुड़ा हुआ है। जिसे लेकर हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग अभी तक कोई फैसला नहीं ले पाया है।
केंद्रीय चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय स्तर पर फिल्म अभिनेता राजकुमार राव को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। राजकुमार राव हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले हैं। इसी तर्ज पर केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्यों को अपने-अपने स्तर पर प्रमुख नामचीन हस्तियों को ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए अधिकृत किया है। हरियाणा खिलाड़ियों और कलाकारों का प्रदेश है। यहां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की सेलिब्रिटी का कोई अभाव नहीं है। इसी वजह से राज्य के निर्वाचन विभाग ने हर जिले में एक-एक ब्रांड एंबेसडर बनाने की कार्य योजना तैयार की थी। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने सभी जिला उपायुक्तों से नाम भी मंगवाए थे।
जिला उपायुक्तों द्वारा भेजे जाने वाले नामों में यह तय किया जाना था कि राज्य स्तर पर किस सेलिब्रिटी को ब्रांड एंबेसडर बनाया जा सकता है और जिला स्तर पर कौन-कौन ब्रांड एंबेसडर हो सकते हैं। साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में प्रदेश में करीब 70 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार इसे 75 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने जब जिलों से आए सेलिब्रिटी के नामों पर चर्चा की तो पता चला कि अधिकतर नामचीन चेहरे ऐसे हैं, जो किसी न किसी रूप में राजनीतिक दलों से जुड़े हुए हैं अथवा जुड़े रहे हैं। इस वजह से अभी निर्वाचन विभाग न तो राज्य स्तर पर कोई ब्रांड एंबेसडर तय कर पाया है और न ही जिला स्तर पर किसी को ब्रांड एंबेसडर के तौर पर नियुक्त किया जा सका है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने सीधे तौर पर इसे लेकर कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की, लेकिन इतना जरूर कहा कि हमें सेलिब्रिटी को ब्रांड एंबेसडर के रूप में चुनने में दिक्कत आ रही है। हरियाणा चूंकि खिलाड़ियों का प्रदेश है, इसलिए निर्वाचन विभाग ने सोचा था कि किसी खेल पर्सनाल्टी को ही ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा, लेकिन जब ऐसे नाम चिन्हित किए गए तो हमारे सामने निर्णय लेने का संकट पैदा हो गया। उन्होंने बताया कि जिला उपायुक्तों से एक बार फिर दोबारा होम वर्क करते हुए सर्वमान्य नाम भिजवाने का आग्रह किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/आकाश