[ad_1]

नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। राजकुमार सैनी की अध्यक्षता वाले भारतीय महागठबंधन ने आईएनडीआई गठबंधन को समर्थन देेने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता राहुल गांधी के साथ एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में सैनी ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि हम सभी राजनीतिक दल एक ही बात कह रहे थे कि हमें हमारी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना और आर्थिक सर्वे के आधार पर लोगों को न्याय दिलाने की आवाज बुलंद की है। हमारा ‘भारतीय महागठबंधन’, आईएनडीआई गठबंधन को समर्थन दे रहा है। हम साथ मिलकर इस देश में सभी को बराबरी का हक देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश में भागीदारी सबसे बड़ा मुद्दा है। यात्रा में हमने सामाजिक न्याय की बात की थी और उसका अगला क्रांतिकारी कदम जातिगत जनगणना और आर्थिक सर्वे है। इससे ये पता चल जाएगा कि देश की 90 प्रतिशत आबादी की देश में क्या भागीदारी है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को देखकर और उनके विचारों से प्रेरित होकर राजकुमार सैनी ने तय किया कि वह कांग्रेस पार्टी का साथ देंगे। उन्होंने बिना किसी शर्त आईएनडीआई गठबंधन को समर्थन देने का भरोसा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनूप/दधिबल