[ad_1]

जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 में बैठे एक डमी अभ्यर्थी को अगरतला त्रिपुरा से गिरफ्तार किया है।
एसओजी की ओर से जारी प्रेसनोट के अनुसार मामले में आरोपित गोपाल सिंह भादू निवासी चितलवाना जिला सांचौर को 24 दिसंबर 2022 को विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान स्वयं द्वारा परीक्षा नहीं देने एवं अपने स्थान पर अन्य डमी अभ्यर्थी को बिठाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। भादू ने विज्ञान विषय की परीक्षा देने के लिए विष्णु प्रकाश बिश्नोई निवासी झाब जिला जालोर से 5 लाख रुपये में सौदा तय किया था। इस सौदे के अनुसार परीक्षा केन्द्र राजकीय गल्ल्स सीनियर सैकण्डरी स्कूल, अम्बेडकर कालोनी, नारायण सेवा सदन हिरण मगरी उदयपुर पर 24 दिसंबर 2022 को विज्ञान विषय की डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा दी। डमी अभ्यर्थी विष्णु प्रकाश बिश्नोई राजकीय मेडिकल कालेज अगरतला त्रिपुरा में एमबीबीएस का प्रथम वर्ष का विद्यार्थी है जिसे एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम द्वारा अगरतला से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से विष्णु प्रकाश को 25 मार्च 2024 तक पुलिस रिमांड पर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप