[ad_1]

बांदा, 16 मार्च (हि.स.)। थाना मरका क्षेत्र के पिण्डारन गांव में शुक्रवार को हुई बुजुर्ग की हत्या की घटना का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। रुपये न देने पर बेटे ने ही लाठी एवं कुल्हाड़ी से बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस सिलसिले में हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी बबेरु राजवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि थाना मरका क्षेत्र के ग्राम पिण्डारन में शुक्रवार को बुजुर्ग प्रेमचन्द्र पटेल का शव मिला था। इस सम्बन्ध में थाना मरका पर अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत करते हुए पुलिस जांच कर रही थी। इसी क्रम में शनिवार को थाना मरका पुलिस ने अभियुक्त की पहचान करते हुए घटना में शामिल मृतक प्रेमचंद्र के बेटे नीरज पटेल को भभुवा तिराहा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त नीरज पटेल ने बताया कि वह खेत बलकट लेने के लिए अपने पिता से एक लाख रुपये मांग रहा था। घटना वाले दिन रुपये मांगने पर पिता ने मुझे गाली गलौज करते हुए पैसा देने से इंकार कर दिया था। इससे आवेश में आकर मैंने अपने पिता के सिर पर लाठी व कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी थी। तत्पश्चात लाठी व कुल्हाड़ी कुछ ही दूरी पर गेंहू के खेत में छिपा दिया था। अभियुक्त की निशादेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लाठी और कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/दीपक/मोहित