[ad_1]

हिसार, 15 मार्च (हि.स.)। जिले के नारनौंद क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास करने वाले लगभग 45 वर्षीय व्यक्ति पर केस दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति पर लगभग एक साल पहले भी बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप लगा था, लेकिन इस मामले को पंचायती स्तर पर निपटा दिया गया था। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि वह मजदूरी करता है। गुरुवार को अपने पड़ोस के गांव में मजदूरी करने के लिए गया हुआ था। उसके पास पड़ोस की रहने वाली एक महिला ने फोन कर बताया कि उसकी चार वर्षीय बेटी के साथ कुछ गलत हुआ है।
सूचना के बाद वह अपने घर पहुंचा और बेटी से पूछा तो बच्ची ने पूरी घटना उसको बताई कि आरोपी उसको गांव की धर्मशाला में ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए गलत हरकत की। इसके बाद पीड़ित बच्ची के पिता ने नारनौंद पुलिस थाने में पहुंच कर शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। नारनौंद थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि बच्ची के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/सुमन