[ad_1]

चंडीगढ़,13 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान बुधवार को सदन में हरियाणा विधानसभा के भूतपूर्व उपाध्यक्ष फकीर चन्द अग्रवाल को श्रद्धांजलि दी गई। सदन में एक शोक प्रस्ताव पढ़ कर शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की गई।
विधानसभा में सर्वप्रथम सदन के नेता मुख्यमंत्री नायब सिंह ने शोक प्रस्ताव पढ़ा। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और विपक्ष की ओर से विधायक डॉ. रघुबीर सिंह कादियान ने भी अपनी श्रद्धांजलि दी। सदन के सभी सदस्यों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखा तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी की। सदन ने दिवंगत के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट की।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा विधानसभा के भूतपूर्व उपाध्यक्ष फकीर चन्द अग्रवाल का निधन 6 मार्च, 2024 को हो गया था। वे वर्ष 1996 में हरियाणा विधानसभा के सदस्य चुने गए थे और 22 मई, 1996 से 14 दिसंबर, 1999 तक हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे। अग्रवाल कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील