[ad_1]

गुवाहाटी, 11 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा आज नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लागू किये जाने संबंधी ऐलान किए जाने के बाद देश के अन्य हिस्सों के साथ ही असम में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
राजधानी गुवाहाटी के सभी प्रमुख स्थानों पर असम पुलिस, असम पुलिस बटालियन, केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया। पुलिस प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं। गुवाहाटी के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी सीएए को लेकर विरोध प्रदर्शन कर स्थिति को खराब करने वालों पर पुलिस प्रशासन कड़ी निगरानी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने पहले ही कहा था कि सीएए के लागू किये जाने का विरोध सड़कों पर करने की बजाय विरोध करने वालों को न्यायालय में इसको चुनौती देनी चाहिए। उन्होंने कहा पूर्व में कानून को रद्द करने के लिए न्यायालय द्वारा उठाए गए कदमों का हवाला दिया। उन्होंने कहा है कि राजनेता अगर कानून के विरुद्ध कोई कदम उठाते हैं तो वे चुनाव आयोग से ऐसे नेताओं की पार्टियों की मान्यता को रद्द करने की मांग करेंगे।
ज्ञात हो कि जब से देश में सीएए को लागू किये जाने की जानकारी सामने आई थी तभी से असम में छात्र संगठन आसू अन्य 30 जनगोष्ठी संगठनों के साथ राज्य के अलग-अलग जिलों में पिछले कुछ दिनों से धरना एवं प्रदर्शन कर रहा है। कांग्रेस और एआईयूडीएफ भी इस कानून का विरोध करती नजर आ रही है। माना जा रहा है कि आगामी मंगलवार को राज्य में सीएए का जोरदार विरोध हो सकता है। अब देखना होगा कि राज्य सरकार विरोध की आग पर कैसे काबू पाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविंद/प्रभात