[ad_1]

गुवाहाटी, 06 मार्च (हि.स.)। आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार लोक निर्माण विभाग के तत्कालीन कार्यकारी अभियंता सामेद अली के विरुद्ध आज मुख्यमंत्री की विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ द्वारा न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया। उनके विरुद्ध 658 पेज का आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि अभियंता सामेद अली को दक्षिण करीमगंज के विधायक सिद्दीक अहमद द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच में सत्यता पाए जाने के बाद सन् 2022 में गिरफ्तार किया गया था।
जांच करने पर आरोप साबित हुए। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच पूरी होने पर और मौखिक दस्तावेजों एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह साबित हुआ कि अभियंता सामेद अली अवैध और भ्रष्ट तरीके से काफी संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए काफी रुपए कमाए। मामले की जांच पूरा होने के बाद बीते 18 जनवरी को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। पुलिस हिरासत की अवधि पूरा होने पर उन्हें न्याय हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल वे गुवाहाटी के केंद्रीय कारागार में बंद हैं।
जांच के दौरान उनके पास से आय के अनुपात में 3 करोड़ 7 लाख 60 हजार 851 रुपए ज्यादा बरामद किए गए। असम सरकार द्वारा अभियोजन स्वीकृति प्राप्त होने के बाद आज उनके विरुद्ध आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया। इस आशय की जानकारी आज मुख्यमंत्री की विशेष सतर्कता प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक द्वारा मीडिया को दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद