[ad_1]

रायगढ़, 03 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। रायगढ़ से आदिवासी कद्दावर नेता राधेश्याम राठिया को रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद पद का उम्मीदवार बनाया है। राधेश्याम के नाम की घोषणा होने के बाद घरघोड़ा से लेकर जिला मुख्यालय पर रविवार को समर्थन में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी करते हुए खुशियां जाहिर की।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ गठन होने के बाद से ही रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र पर भाजपा का कब्जा रहा है, जिसमें भाजपा लगातार जीत का झंडा लहराते आ रही है। वर्तमान मुख्यमंत्री 20 साल तक क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। तत्कालीन सांसद गोमती साय विधानसभा 2023 के विस चुनाव में पत्थलगांव से जीतने के बाद लोकसभा सदस्य से त्यागपत्र दे चुकी हैं।
रायगढ़ जिले को 25 साल बाद प्रतिनिधित्व का मिला मौका
ऐसे में नए चेहरे की तलाश में रायगढ़ जिले को 25 साल बाद प्रतिनिधित्व का मौका मिला है। जिसमें भाजपा ने रायगढ़ से आदिवासी कद्दावर नेता राधेश्याम राठिया को उम्मीदवार बनाया है। यहां यह भी बताया जाना लाजमी होगा कि विधानसभा चुनाव में धरमजयगढ़ से टिकट के लिए काफी संघर्ष किए थे, जिस पर उन्हें चुनाव संचालक बनाया गया।
धरमजयगढ़ विधानसभा सीट पर जीतने में राधेश्याम व उनके नेतृत्व का अहम योगदान रहा है। जिला भाजपा के पदाधिकारी नेता भी इसे स्वीकार करते आए हैं। भाजपा शीर्ष नेताओं ने राधेश्याम राठिया पर विश्वास जताते हुए रायगढ़ संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है।
राधेश्याम राठिया भाजपा में विभिन्न दायित्वों का सफलता पूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। जिला महामंत्री, भाजपा किसान मोर्चा, जिला रायगढ़ जिला सह संयोजक, जनजाति सुरक्षा मंच, जिला रायगढ़ अध्यक्ष, लघु वनोपज समिति, सामारूमा (निर्विरोध) वर्ष 2014 से 2018 तक सदस्य, परियोजना मंडल एकी. आ. वि. परियोजना धरमजयगढ़। वर्ष 2017 से 2021 तक अध्यक्ष, लघु वनोपज समिति (निर्विरोध) के सदस्य रह चुके हैं।
राधेश्याम राठिया वर्ष 1995 से 2000 तक निर्विरोध उपसरपंच ग्राम पंचायत छर्राटांगर, वर्ष 2000 से 2005 तक सदस्य, जिला पंचायत रायगढ़। वर्ष 2005 से 2010 तक अध्यक्ष, जनपद पंचायत घरघोडा, वर्ष 2010 से 2015 तक सदस्य, जिला पंचायत रायगढ़। वर्ष 2015 से 2020 तक निर्विरोध, जनपद सदस्य घरघोड़ा रह चुके हैं।
राधेश्याम राठिया भाजपा संगठन व संवैधानिक पदों का दायित्व भी कुशलता पूर्वक संभाल चुके हैं। वर्ष 1991 से 2005 तक सदस्य भाजपा जिला कार्यसमिति रायगढ़, वर्ष 2004 से 2005 तक अध्यक्ष भाजपा घरघोडा मंडल, वर्ष 2010 से 2015 तक प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा छत्तीसगढ़। वर्ष 2014 से 2018 तक जिला उपाध्यक्ष, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला रायगढ़, वर्ष 2017 से 2021 तक जिला उपाध्यक्ष, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला रायगढ़, वर्ष 2023 में धरमजयगढ़ विधानसभा चुनाव में संचालक का दायित्व का निर्वहन किया।
हिन्दुस्थान समाचार /रघुवीर प्रधान