[ad_1]

ऊना, 02 मार्च (हि. स.)। भारतीय रेल मंत्रालय द्वारा ऊना से हरिद्वार तक स्पेशल एक्सप्रेस गाड़ी चलाए जाने पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। शनिवार यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि हरिद्वार तक हिमाचल प्रदेश की इस एकमात्र ब्रॉडगेज लाइन पर रेल सेवा शुरू करने को लेकर लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी।
जिसे मंजूरी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल ऊना जिला, अपितु हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों सहित नोएडा पंजाब के भी लाखों लोगों को हरिद्वार तक जाने में काफी सुगमता होगी। उन्होंने बताया कि 4 मार्च को खुद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हरिद्वार तक चलने वाली नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह रेलगाड़ी प्रतिदिन बाद दोपहर 1:50 पर ऊना से हरिद्वार के लिए निकलेगी और रात 9:00 बजे यात्रियों को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पहुंचाएगी। जबकि प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे हरिद्वार से चलेगी और बाद दोपहर 12:30 पर यात्रियों को ऊना पहुंचाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/विकास/उज्जवल