[ad_1]












झांसी, 05 जनवरी(हि.स.)। अयोध्या में श्री रामलला की 22जनवरी को हो रही प्राण प्रतिष्ठा समारोह की व्यापक तैयारियों के बीच देश भर के विभिन्न क्षेत्रों के अति विशिष्ट महानुभावों को ही उस विशिष्ट अवसर का साक्षी बनने के लिए श्री राम जन्म भूमि मंदिर ट्रस्ट द्वारा निमंत्रण भेजे गए हैं।
इसी तारतम्य में शुक्रवार को श्री राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण जल जन जोड़ो अभियान के प्रमुख व परमार्थ संस्था के प्रमुख संजय सिंह वह देश के प्रमुख उद्योगपति बैद्यनाथ आयुर्वेद के संचालक अतुल शर्मा को दिया गया। प्रभु श्री राम का आमंत्रण प्राप्त कर दोनों ही लोग भाव विभोर हो उठे।
उन्होंने कहा कि यह प्रभु श्री राम की हमारे ऊपर विशेष कृपा है जिसके परिणाम स्वरूप झांसी में हम जैसे लोगों को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का न्योता भेजा गया है। लाखों श्रद्धालुओं के बलिदान और पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद सौभाग्य मिला है।
आमंत्रण पत्र पाकर परमार्थ समाजसेवी संस्था के प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि यह बड़े ही गौरव की बात है। यह प्रभु की कृपा है कि मुझे प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक पल, जिसे अनंत तक याद रखा जाएगा। जो कुछ भी मुझे वहां देखने को मिलेगा वह सब कुछ मुझे याद नहीं रह सकेगा। इसलिए मैं उसे लिखकर अविस्मरणीय बनाने का कार्य करूंगा। ताकि कालांतर में आगामी पीढ़ियां उससे कुछ सीख सकें।
उन्होंने कहा कि भगवान राम का मंदिर एक मंदिर नहीं, यह एक विचारधारा है। भगवान राम के चरित्र को आप जितना ज्यादा से ज्यादा पढ़ेंगे,उतना उनके आदर्श में डूबते जाएंगे। धर्म में ईश्वर ने जितने अवतार लिए यह उनमें से अद्भुत व अलौकिक है।
देश के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल बैद्यनाथ आयुर्वेद के संचालक अतुल शर्मा व उनकी पत्नी ने आमंत्रण पत्र ग्रहण करते हुए प्रसन्नता जाहिर की। कहा कि प्रभु श्री राम की अपार कृपा हमारे परिवार पर है। यही कारण है कि यह आमंत्रण हमें प्राप्त हुआ। 500 वर्षों से जिस क्षण की प्रतीक्षा हम जैसे न जाने कितने लोग अपनी आंखों में सजाए बैठे थे,वह आगामी 22 जनवरी को अपनी आंखों से पूरा होते हुए देख सकेंगे। भला हमसे बड़ा सौभाग्यशाली कौन हो सकता है?
इन सभी महानुभावों को प्रत्यक्ष निमंत्रण पत्र देने वालों में विश्व हिंदू परिषद के विनोद अग्रवाल,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत कार्यवाह रामकेश,विभाग प्रचारक डॉ.अखंड प्रताप,विभाग कार्यवाह धर्मेंद्र एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजन झांसी के सह संयोजक दिनेश पाठक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/महेश/राजेश
[ad_2]
Source link