[ad_1]

हुगली, 01 मार्च (हि.स.)। हुगली जिले के आरामबाग के कालीपुर मैदान में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण को सुनने का बेसब्री से इंतजार कर रही लाखों की भीड़ को राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने प्रधानमंत्री के संबोधन से ठीक पहले संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश के दोनों शीर्ष भाजपा नेताओं ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर जमके निशाना साधा।
शुभेंदु अधिकारी ने सभा मंच से कहा कि वर्ष 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा में 57 भाजपा कार्यकर्ता शहीद हो गए थे। हमने पंचायत चुनाव की भयावहता देखी है। शुभेंदु ने एक बार फिर आरोप लगाया कि तृणमूल ने केंद्रीय परियोजनाओं के लिए दिया गया पैसा लूट लिया है। उन्होंने अन्य भ्रष्टाचार के आरोपों का भी जिक्र किया।
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दो सुकांत मजूमदार भी सभा मंच से तृणमूल पर काफी हमलावर नजर आए। संदेशखाली की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपना मुंह खोलें, झाड़ू उठाएं और तृणमूल कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंके।
सुकांत मजूमदार ने कहा कि पुलिस शेख शाहजहां को गिरफ्तार करने के लिए मजबूर हो गई। यही समय है। महिलाएं अपना मुंह खोलें, झाड़ू उठाएं और तृणमूल कांग्रेस को उखाड़ फेंके। उन्होंने आगे कहा कि शेख शाहजहां सीना फुलाकर चल रहे हैं, मानो पुलिस ने शेख शाहजहां को गिरफ़्तार नहीं किया, बल्कि शेख शाहजहां उन्हें अपने पीछे चलवा रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में एक महिला के लिए रामायण हो गया और एक ही महिला के लिए महाभारत भी हो गया संदेशखाली में सैकड़ो महिलाओं की इज्जत से खेला गया है इसका परिणाम तृणमूल को भुगतना होगा। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा