[ad_1]

छतरपुर, 29 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर गुरूवार को संपूर्ण प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा किसानों के द्वारा की जा रही एमएसपी की मांग के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। छतरपुर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
शहर के छत्रसाल चौक से कांग्रेस कार्यालय तक कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए रैली निकाली और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार किसानों की मांग को पूरा नहीं करती तो कांग्रेस किसानों के साथ सड़क पर उतरेगी। जिला मुख्यालय पर करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने बताया कि किसान संगठनों द्वारा एमएसपी सहित अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जा रहा है लेकिन खेद की बात है कि केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा शांतिपूर्वक किए जा रहे आंदोलन को कुचलने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान किसानों मांगों का समर्थन किया है और हम सब भी किसानों की मांगों का समर्थन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन के माध्यम से हमने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को भी याद दिला रहे हैं, क्योंकि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों और जनता के साथ छलावा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के आवाहन पर आज यह प्रदर्शन किया गया है। अब 11 मार्च को हम कृषि उपज मंडियों के सामने प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान विधायक रामसिया भारती ,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सरमन लाल मिश्रा, परमानंद विश्वकर्मा ,कार्यकारी ज़िलाध्यक्ष अनीस खान, दीप्ति पांडेय, हरनारायण यादव, आईटी सेल ज़िलाध्यक्ष दीपांशु यादव ,कीर्ति विश्वकर्मा ,सत्यप्रकाश चौरसिया ,विवेक अग्रवाल ,ब्रजकिशोर पांडे ,पाशा ख़ान ,हनीफ़ ख़ान ,विशाल शर्मा ,नरेश पटेल ,टिंकु चौहान ,राजेश सिंह ,संजय दुबे ,महेश पटेल ,नाज़िम चौधरी ,प्रमोद जैन ,सतेंद्र सिंह ,महेश पटेल ,लक्ष्मण पटेल ,रवि पटेल ,विजय बहादुर चौरसिया ,भूरेलाल पटेल ,राम जी पटेल ,सुरेश प्रसाद पटेल ,पुरोषोत्तम खरया, पप्पू पुरोहित ,सन्तावन सिंह घोष ,राजेश खेरा ,जीतू तिवारी ,जितेंद्र पटेल ,पंकज पटेल ,रोहित राजपूत ,हरिश्चंद्र ,राजकुमार ,सतेंद्र सिंह ,सुरेंद्र प्रजापति सहित कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर हुई बैठक
कांग्रेस के उक्त प्रदर्शन के उपरांत जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष महाप्रसाद पटेल ने तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ राहुल गांधी द्वारा देश में निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर बैठक की। बैठक में जिलाध्यक्ष पटेल ने बताया कि आगामी दिनों में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर मध्यप्रदेश पहुंच रहे हैं। उक्त यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना है तभी इस हम इस यात्रा को सफल बना पाएंगे। भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर बैठक में तमाम बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/सौरभ भटनागर/नेहा