[ad_1]

जम्मू और कश्मीर के लोगों का आतिथ्य यादगार रहेगा: सचिन तेंदुलकर
श्रीनगर, 28 फरवरी (हि.स.)। लिटिल मास्टर के नाम से विख्यात पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने पत्नी अंजलि और बेटी सारा के साथ अपनी कश्मीर यात्रा का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। तेंदुलकर ने कश्मीर यात्रा के दौरान पैरा-क्रिकेटर अमीर हुसैन लोन से भी मुलाकात की।
साझा किए गए वीडियो में तेंदुलकर ने जम्मू-कश्मीर के गर्मजोशी भरे आतिथ्य और वहां की सुंदरता की प्रशंसा की। उन्होंने यात्रा को एक खूबसूरत अनुभव बताया जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। तेंदुलकर ने ट्वीट किया कि जम्मू और कश्मीर मेरी स्मृति में एक सुंदर अनुभव बना रहेगा। चारों ओर बर्फ थी लेकिन लोगों के असाधारण आतिथ्य के कारण हमें गर्मी महसूस हुई।
अपनी यात्रा के दौरान तेंदुलकर ने जम्मू-कश्मीर के पैरा-क्रिकेटर अमीर हुसैन लोन से भी मुलाकात की और उसे अपने हस्ताक्षर वाला एक बल्ला भेंट किया। वीडियो में तेंदुलकर ने यात्रा के अपने पसंदीदा क्षणों पर प्रकाश डाला, जिसमें हिमालय का हवाई दृश्य, विलो बैट फैक्ट्री का दौरा, पश्मीना शॉल के कारीगरों के साथ बातचीत, कश्मीरी चाय और भोजन का स्वाद लेना, मंदिरों का दौरा, बर्फबारी का अनुभव, भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात और शिकारे की सवारी का आनंद शामिल है।
तेंदुलकर ने उडी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के आखिरी बिंदु अमन सेतु पुल का भी दौरा किया, जहां उन्होंने सेना के जवानों से बातचीत भी की। उन्होंने उडी में स्थानीय युवाओं के साथ सड़क किनारे क्रिकेट भी खेला। अपने पोस्ट में तेंदुलकर ने दुनियाभर के लोगों को जम्मू-कश्मीर का दौरा करने के लिए प्रोत्साहित किया और इसे अतुल्य भारत के कई रत्नों में से एक बताया।
हिन्दुस्थान समाचार/बलवान/सुनील