[ad_1]

निर्देश का पालन नहीं हुआ तो होगी सख्त कार्रवाई
जबलपुर, 5 जनवरी (हि.स.)। जिला अस्पताल में शासन के निर्देश के बाद भी जब शाम को डॉक्टर ओपीडी नहीं पहुंचे तो प्रशासन सख्त हुआ और शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टर को नोटिस जारी करते हुए अंतिम चेतावनी दी है। साथ ही निर्देश का पालन नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।
दरअसल, ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम को पांच बजे से छह बजे तक है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों के बढ़ते दबाव को देखते हुए शासन ने सितंबर 2021 में इवनिंग ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए थे। प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में इसे लागू होना था। शासन के तमाम निर्देशों के बाद भी जिला अस्पताल में शाम को ओपीडी में डॉक्टर नहीं पहुंच रहे इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश देते हुए सिविल सर्जन को न पहुंचने वाले डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद सिविल सर्जन ने लापरवाह डॉक्टरों को नोटिस जारी करते हुए अंतिम चेतावनी दी। इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि यदि निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है की सितंबर 2021 के बाद सरकार द्वारा सांयकालीन ओपीडी शुरुआत करने के आदेश के बाद भी चिकित्सकों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। दो साल में सरकार के इस महत्वपूर्ण आदेश की धज्जियां उड़ाई गई। आलम यह रहता है कि यदि सांयकालीन ओपीडी में मरीज पहुंच जाता है तो उसका भटकना तय है। सीएमएचओ के अनुसार जिला अस्पताल में जो भी डॉक्टर हैं उन्हें दोनों समय ओपीडी में सेवाएं देना जरूरी है। वहीं मरीज की आवश्यकता को प्राथमिकता देने के लिए भी सीएमएचओ ने जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/विलोक पाठक/मुकेश
[ad_2]
Source link