[ad_1]

राज्यसभा सांसद बोले, दोनों बडे़ प्रोजेक्ट हरियाणा से बाहर जाने का सार उम्र रहेगा मलाल
हुड्डा सरकार के समय शुरू हुई परियोजनाओं का ही फीता काट रही है खट्टर सरकार
रोहतक, 19 फ़रवरी (हि.स.)। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही हांसी-महम-रोहतक नयी रेल लाईन का काम पूरा हो पाया है, इस प्रोजेक्ट की मंजूरी से लेकर शिलान्यास तक और फिर इसका काम पूरा होने तक वो लगातार इसकी फाईल का पीछा करते रहे। उनका इस प्रोजेक्ट से गहरा लगाव रहा है। इसी भावना के मद्देनजर उन्होंने तय किया कि इस नयी रेल लाइन पर रेल सेवा शुरु होने के बाद ट्रेन से यात्रा करें और इसी के चलते मंगलवार को हांसी से रोहतक तक वह यात्रा करेंगे।
यहां जारी बयान में सांसद ने कहा कि दस वर्षों बाद भी डिफेंस यूनिवर्सिटी बिनौला (गुुरुग्राम), रेल कोच फैक्ट्री (गोहाना), अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा महम, एम्स 2 बाढ़सा में 10 राष्ट्रीय स्तर के स्वास्थ्य संस्थान आदि जो काफी बड़ी परियोजनाएं हैं वो इस सरकार के रडार पर ही नहीं है तो द्वारका एक्सप्रेसवे, परमाणु बिजली परियोजना(फतेहाबाद), ट्रिपल आई टी आदि परियोजनाओं का 10 वर्षों में उद्घाटन तक नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि 2015 में घोषित, एम्स रेवाड़ी परियोजना का ही अब जाकर शिलान्यास हुआ है, एम्स रेवाड़ी के लिए सरकार ने नाम मात्र का बजट आवंटित किया है जो पहले ही 10 साल की देरी झेल चुकी इस परियोजना के लिए नाकाफ़ी है। जाहिर है बीजेपी को हरियाणा के विकास से कोई लेना देना नहीं है। उसका मकसद चुनाव से पहले जनता को गुमराह करना है।
हुड्डा सरकार में मंजूर हुए प्रोजेक्टों का फीता काट रही खट्टर सरकार
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि खट्टर सरकार 10 वर्ष के कार्यकाल के बाद इस चुनावी सीजन में भी पूर्ववर्ती हुड्डा सरकार के समय शुरू हुई परियोजनाओं में से ही एक आध का फ़ीता काट रही है। दीपेन्द्र हुड्डा ने यह भी कहा कि रोहतक-महम-हाँसी रेल परियोजना के उद्घाटन समारोह में उनको बोलने से रोकना सरकार की मंशा को स्पष्ट करता है कि वो इस सत्य को दबाना चाहती थी कि इस रेल परियोजना का काम उन्होंने यूपीए व हुड्डा सरकार की भागीदारी से 2011 में मंजूर कराया, 2012 में बजट दिलवाया और 2013 में इसका शिलान्यास कराकर काम भी शुरू कराया।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/संजीव