[ad_1]

अजमेर, 19 फ़रवरी (हि.स.)। सेंट्रल जेल में सोमवार को हैड कांस्टेबल पर दो कैदियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इससे हैड कांस्टेबल गंभीर घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल जवान और जेल अधीक्षक से घटना की जानकारी ली।
वारदात सोमवार दोपहर सेंट्रल जेल की बैरिक नंबर नौ में बंद कैदी श्रवण और फरदीन ने अंजाम दी। उन्होंने ब्लेड और नुकीले सरिये से हैड कांस्टेबल जोधपुर निवासी राजेश कुमार (40) पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे राजेश कुमार गंभीर घायल हो गया। राजेश दोनों कैदियों से खुद को बचाते हुए बैरिक से बाहर आया और चिल्लाने लगा। इस पर दौड़ लगाते हुए जेल स्टाॅफ और अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत जेएलएन अस्पताल भिजवाया। हैड कांस्टेबल राजेश का उपचार किया जा रहा है। सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी सिटी महमूद खान, हाई सिक्योरिटी जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ और सेंट्रल जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल भी अस्पताल पहुंची और घायल हैड कांस्टेबल से घटना की जानकारी ली गई।
जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल ने बताया कि जेल में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल राजेश पर बैरिक नंबर नौ में बंद कैदी श्रवण सोनी (45) और फरदीन गांजा (25) ने मिलकर हमला कर दिया। दोनों कैदी 307 सहित विभिन्न मामलों में जेल में बंद है। कैदी श्रवण कुछ महीने पहले ही जयपुर जेल से अजमेर ट्रांसफर हुआ हैं। वह पहले भी अजमेर जेल में बंद था। वहीं, कैदी फरदीन के द्वारा उदयपुर जेल में बंदियों पर हमला किया गया था। इसके बाद से वह दो साल से करीब अजमेर जेल में बंद है। दोनों कैदी सोमवार को जेल में बीमारी का बहाना बनाकर चिल्लाने लगे। चिल्लाने की आवाज सुनकर ड्यूटी इंचार्ज राजेश वहां पहुंचा और जैसे ही ड्यूटी इंचार्ज ने बैरिक खोला, दोनों कैदियों ने मिलकर ब्लेड और नुकीले सरिये से हमला कर दिया। दोनों कैदियों ने करीब 20 से 25 बार हैड कांस्टेबल राजेश के हिप और कान के नीचे किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जवान की वर्दी खून से लथपथ हो गई।
जवान पर हुए हमले के बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह थाने के जाब्ते के साथ जेल पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। मामले में एडिशनल एसपी महमूद खान ने बताया कि यह गंभीर घटना है। जेल में कातिलाना हमला किया गया है। दोनों कैदियों ने कंस्ट्रक्शन में उपयोग में आने वाले सामान को ही हथियार बनाया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर