[ad_1]

स्वच्छता व सौंदर्यीकरण के लिए नागरिकों को करें प्रोत्साहित, सड़कों व प्राइवेट पार्किंग में वाहनों के लिए की जाए मार्किंग
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने नगर परिषद व पालिका के अधिकारियों की ली बैठक
सिरसा, 9 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने शुक्रवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जिला की सभी नगर परिषद, नगर पालिका के अधिकारियों की बैठक ली और स्वच्छता व सौंदर्यीकरण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस बैठक में जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र कुमार सहित नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने नगर परिषद सिरसा व डबवाली तथा नगर पालिका ऐलनाबाद, कालांवाली व रानियां में तिरंगा लाइट लगाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। लोगों को खंबों पर होर्डिंग न लगाने के लिए कहें ताकि तिरंगा लाइटें टूटे नहीं और खराब न हो। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्रों में कम से कम 1500 और नगर पालिका क्षेत्रों में कम से कम 500 तिरंगा लाइटें लगवाना सुनिश्चित करें ताकि शहर की हर गली व चौराहा देशभक्ति के रंगों से रोशन हो और युवाओं में देशभक्ति का संदेश पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पार्कों व मुख्य स्थानों पर फव्वारे लगवाएं जाए। इसके अलावा विभिन्न चौक पर खास तरह के लाल किला, अशोक चक्र, संसद भवन, राम मंदिर, इंडिया गेट, चंद्र यान, शंख जैसे स्ट्रक्चर बनाए जाए ताकि शहर की सुंदरता और भी उभर कर सामने आए। इसके अलावा पार्कों में जिम, झुले, हरियाली के लिए घास व पगडंडी दुरुस्थ होनी चाहिए तथा शमशानघाट भी सुंदर बनाए जाए। हर अधिकारी व कर्मचारी यह प्रयास करें कि जिला के शहरी क्षेत्र पूरी तरह से स्वच्छ व सुंदर नजर आए।
उन्होंने कहा कि सड़कों, स्कूलों व अन्य मुख्य स्थानों पर पार्किंग के लिए मार्किंग करवाना अनिवार्य है। यदि कोई प्राइवेट पार्किंग मालिक वाहनों को सही ढंग से खड़ा करने के लिए मार्किंग नहीं करवाते हैं तो उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं। सड़कों पर जेब्रा क्रॉसिंग होनी चाहिए ताकि वाहनों को सही ढंग से खड़ा किया जा सके और टे्रफिक जाम की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे पुन: इन कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा 31 मार्च से पहले – पहले अधिकारी से सभी कार्य पूरे करवाए जाएं।
हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/संजीव