Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में मची सनसनी
हमीरपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। हमीरपुर में गुरुवार को सगे भाई-बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। साथ ही फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। दोनों शवों के मुंह पर कपड़ा ठूंसा मिला है। पूरा मामला बिवांर थाना क्षेत्र का है।
पारा गांव में सगे भाई-बहन किशनदत्त सोनी (65) और केशकली (60) की लाश उनके घर से मिली। घर पर समान बिखरा हुआ था। क्राइम सीन को देखकर पुलिस ने आशंका जताई है कि पहले दोनों की पिटाई की गई। इसके बाद हत्या कर दी गई। पड़ोसियों के मुताबिक किशनदत्त और केशकली ही घर पर रहते थे। दोनों खेती-किसानी करते थे। केशकली अपने ससुराल से काफी समय पहले यहां भाई के पास आ गई थी। दोनों के रिश्तेदार भी बाहर रहते हैं। दोनों की किसी से कोई रंजिश नहीं थी।
हमीरपुर एसपी दीक्षा शर्मा ने बताया की पारा गांव में भाई बहन कृष्ण दत्त सोनी और बहन केशकली के शव बरामद हुए हैं। शव पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम जांच में लगी है, साथ ही कई टीमों को इस मामले के खुलासे के लिए लगाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का भी इंतजार है। दोनों के रिश्तेदारों को सूचना दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
सीधे-सादे लोग थे, पहले भी हो चुकी घटनाएं
पड़ोसी नारायण सिंह ने बताया कि हमारे गांव में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन किसी का भी खुलासा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि किशनदत्त सोनी और केशकली दोनों बहुत सीधे-सादे थे। इनकी गांव में किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। आज दोनों की हत्या के बाद गांव में मातम का माहौल है। जल्द से जल्द घटना पर एक्शन लिया जाए, नहीं तो ऐसी अप्रिय घटनाएं आगे भी होती रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज//राजेश